सीतापुर की 149 बिसवां विधानसभा से वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी से विधायक बने महेंद्र सिंह यादव ने राजनीति की शुरूआत वर्ष 1988 में लखनऊ यूनिवर्सिटी से छात्र राजनीति से शुरू की थी। बिसवां विधायक महेंद्र सिंह यादव वर्ष 1990 में जनता दल से जुड़े। इसके बाद उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और वर्ष 2011 तक समाजवादी पार्टी में रहे। विधायक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से विधानसभा का टिकट मांग रहे थे। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने वर्ष 2011 में समाजवादी पार्टी छोड़कर वर्ष 2012 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। विधायक महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने 2012 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से विधानसभा का टिकट मांगा था। टिकट नहीं मिलने पर 2014 के लोकसभा के चुनाव में फिर भाजपा से टिकट मांगा था। इस लोकसभा के चुनाव में भी जब टिकट नहीं मिला तो वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट मांगा और भाजपा नेतृत्व में मेरे ऊपर विश्वास करते हुए मुझे टिकट दिया और मैं बिसवां विधानसभा से पहली बार विधायक बना। 149 बिसवां विधानसभा से विधायक महेंद्र सिंह यादव हरदोई जनपद की विधानसभा संडीला के ग्राम भटपुर के निवासी हैं। इनकी जन्म तिथि 05/07/1968 है। विधायक महेंद्र सिंह यादव ने कहां की भारतीय जनता पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी दी जाएगी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि बिसवां के दोनों फ्लाईओवर, बिसवां-सिधौली मार्ग का चौड़ीकरण, एक डिग्री कॉलेज का निर्माण तथा एक स्टेडियम सहित बिसवां नगर पालिका सीमा का विस्तार कराने के लिए फाइल शासन में लंबित है। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत होने पर बिसवां विधानसभा में अधूरे रहे इन कामों को पूरा कराना मेरी प्राथमिकता रहेगी।